नई दिल्ली/पथनामथिट्टा. भारत में आजकल शादी विवाह का मौसम चल रहा है. उत्तर से लेकर दक्षिण और पूरब से लेकर पश्चिम भारत तक में शहनाई की गूंज है. शादी को खास बनाने के लिए दूल्हा और दुल्हन पक्ष की ओर से नायाब तरीके अपनाए जाते हैं. ड्रेस से लेकर सजावट तक को लेकर खास सतर्कता बरती जाती है, ताकि शादी समारोह को लंबे समय तक याद रखा जा सके. हालांकि, कुछ शादियां ऐसी भी होती हैं, जिसे न तो वर पक्ष और न ही वधु पक्ष याद रखना चाहता है. दोनों पक्ष इसे एक बुरे सपने की तरह भुला देना चाहते हैं. ऐसा ही एक मामला केरल के पथनामथिट्टा जिले में सामने आया है.
केरल के पथनामथिट्टा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. शादी से ठीक पहले दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. वजह थी- दुल्हे का नशे में धुत होकर विवाह स्थल पर आना और वहां बवाल करना. मामला जिले के कोइप्रम के थडियूर में समीप स्थित एक चर्च में शादी की शहनाई बज रही थी. चर्च को दुल्हन की तरह सजाया गया था. हर तरफ खुशियां ही खुशियां थीं. शादी की तैयारियों में कोई कोर-कसर न रहे, इसका ध्यान रखा गया था. बच्चे से लेकर बड़े-बूढ़े तक नए कपड़े में सजधज कर दूल्हे राजा के आने का इंतजार कर रहे थे. खुशियां चरम पर थीं. दुल्हन भी हाथों में मेहंदी सजाकर दूल्हे के आने का इंतजार कर रही थी.
पूरे शहर बांट आया शादी का कार्ड, सेवा में लिख दी ऐसी बात, पढ़ते ही मेहमान हुए बेहोश!
…जब दूल्हा पहुंचा तो मचा बवाल
विदेश में कमाने वाला दूल्हा जब विवाह स्थल पर पहुंचा तो वह अपनी कार से बाहर भी नहीं निकल पा रहा था. मशक्कत के बाद दूल्हे राजा बाहर आए तो फिर अपने पैरों पर ठीक से खड़े तक नहीं हो पा रहे थे. पहले तो कोई समझ नहीं सका कि माजरा क्या है, लेकिन दुल्हन और उनके सगे-संबंधी को जल्द ही मामला समझ में आ गया. दरअसल, 32 वर्षीय दूल्हा नशे में धुत था. नशेड़ी दूल्हे ने इसके बाद विवाह स्थल पर बवाल मचाना शुरू कर दिया. पहले वह वधु पक्ष के लोगों और दुल्हन के रिश्तेदारों से भिड़ गया. उसके बाद शादी करने वाले पादरी को भी नहीं बख्शा. पादरी से भी बहस करने लगा.

दुल्हन का शादी से इनकार
दूल्हे की कारगुजारी देखकर दुल्हन के साथ ही वहां मौजूद अन्य लोग भी खुद को अपमानित महसूस करने लगे. ‘द हिन्दू’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, इसके बाद दुल्हन और उनके परिजनों ने शादी न करने का कठोर फैसला लिया. वधु पक्ष ने पुलिस को भी इसके बारे में सूचना दे दी थी. पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. दरअसल, शादी की तैयारियों पर दुल्हन पक्ष को काफी पैसे खर्च करने पड़े थे. लड़की पक्ष इसकी भरपाई चाहता था. बाद में पुलिस की समझाइश के बाद दूल्हा पक्ष 6 लाख रुपये अदा करने पर सहमत हुआ, जिसके बाद यह मामला किसी तरह से खत्म हुआ. दूल्हा और बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा.
.
Tags: Kerala News, Marriage ceremony, OMG News
FIRST PUBLISHED : April 24, 2024, 11:05 IST










